मेयर टिकट को लेकर चौबीस घंटे में ही सपा ने यू टर्न ले लिया। मेयर उप चुनाव में साइकिल सवार कौन होगा ये आज (शुक्रवार) बारह बजे तक होगा। इसका फैसला पार्टी हाई कमान की ओर से होगा। पिछले तीन दिनों से लखनऊ में डेरा डाले जिले के सपाइयों को लौटा दिया गया है।
हालांकि बुधवार देर शाम मंथन के बाद कैसर अली कुद्दूूसी के नाम पर मुहर लग गई थी। मेयर उप चुनाव में टिकट को लेकर सपा में घमासान मचा हुआ है। टिकट के लिए पार्टी से सात लोगों ने दावेदारी ठोंकी थी। जिले स्तर पर बनी कमेटी के बीच हुई चर्चा में किसी के नाम पर सहमति नहीं बनी। इसके बाद पैनल के सदस्य सोमवार शाम लखनऊ रवाना हो गए।
जहां प्रदेश नेतृत्व के साथ सिंबल और प्रत्याशी के चयन पर चर्चा हुई। काफी जद्दोजहद के बाद बुधवार की शाम कैसर अली कुद्दूसी के नाम पर सहमति बन गई। अनौपचारिक रूप से घोषणा भी कर दी गई। लेकिन चौबीस घंटे बाद भी पार्टी ने यू टर्न ले लिया।
महानगर अध्यक्ष राजकुमार प्रजापति ने बताया कि पार्टी की ओर से मेयर उप चुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम की घोषणा शुक्रवार को होगी। दोपहर बारह बजे तक हाई कमान की ओर से ऐलान कर दिया जाएगा।