रामपुर। फर्जीवाड़ा कर मृत पिता की पेंशन पाने के तीन साल पुराने मामले में पुलिस ने उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। गाजियाबाद निवासी शैलेश कुमार ने सात मई 22 को सिविल लाइंस थाने में अपने बड़े भाई राजेश कुमार सक्सेना समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप है कि पिता की माैत के बाद भी उनकी पेंशन को भी यह लोग हासिल करते रहे। पुलिस ने कागजों में हेरफेर कर पिता की पेंशन प्राप्त करने का मुकदमा दर्ज किया था।
मुकदमा दर्ज करने के बाद इस मामले की विवेचना संभल क्राइम ब्रांच के सुपुर्द कर दी गई थी। संभल क्राइम ब्रांच निरीक्षक अमृतलाल ने सिविल लाइंस पुलिस के सहयोग से ज्वालानगर में आगापुर रोड स्थित राजेश कुमार सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर संजीव कुमार के मुताबिक राजेश पर अपने पिता छेदालाल सक्सेना की माैत के बाद भी फर्जीवाड़ा कर पेंशन हड़पने का आरोप है। संभल की क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही है। आगे भी इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।