मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लगाए गए 35 घंटे के लॉकडाउन में पूरे शहर ने अपने घरों में रहकर अच्छा उदाहरण पेश किया, लेकिन सब्जी मंडी में कुछ लोगों ने लापरवाही की हदें भी पार कर दीं। लॉकडाउन के बावजूद खुली मंडी में आए लोगों ने न तो मास्क लगाया और न ही दो गज की दूरी बनाकर रखी।
लॉकडाउन में सब्जी मंडी खुली थी। रविवार सुबह साढ़े आठ बजे मंडी में काफी भीड़ थी। यहां पर अधिकांश ठेली पर सब्जी बेचने वाले आढ़त पर आए थे, कुछ शहर वासी भी सब्जी फल खरीदने पहुंचे, लेकिन इनमें से अधिकांश ने मास्क नहीं पहन रखा था। साथ ही दो गज की दूरी का भी ध्यान नहीं रखा। हैरानी की बात यह है कि कुछ पुलिस कर्मी भी यहां नजर आए लेकिन किसी ने भी इन्हें रोकने की कोशिश नहीं की, जबकि दो दिन पूर्व ही मुख्यमंत्री ने बिना मास्क घूमने वालों पर एक हजार से 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगाने के निर्देश दिए थे। शहर में कोराना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। खुद डीएम सहित कई अधिकारी संक्रमित हो चुके हैं, ऐसे में पुलिस प्रशासन सख्ती करनी होगी। प्रभारी डीएम सीडीओ आनंद वर्धन ने कहा कि सभी को कोविड की गाइडलाइन का पालन करना चाहिए, वहीं जो लोग लापरवाही कर रहे हैं प्रशासन अब उन पर कार्रवाई करेगा।