लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में जेल में बंद अभिषेक अग्र्रवाल के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज की गई है। रामपुर निवासी महिला शहनाज बेगम ने उसके खिलाफ मझोला थाने में धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कराया है।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें जिस प्लाट का बयनामा कराया था। उस प्लाट पर पहले से ही दिल्ली स्थित बैंक शाखा से 50 लाख रुपये का लोन ले रखा था। रामपुर जनपद के सिविल लाइंस निवासी जमीरउद्दीन की पत्नी शहनाज बेगम ने अभिषेक अग्रवाल निवासी गुलाब गली के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
शहनाज बेगम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि अभिषेक अग्रवाल ने रामपुर के सिविल लाइसं स्थित एक प्लाट को अपना बताया था। तब कहा कि प्लाट पर बैंक का कोई लोन नहीं दी है। अभिषेक के घर मानसरोवर कालोनी में बैठकर इस प्लाटका 40 लाख रुपये में सौदा हुआ था। जिसका बयनामा भी करा दिया गया था।
इसके बाद पता चला कि पीएनबी की राजेंद्र नगर(दिल्ली) स्थित शाखा पर पचास लाख रुपये का लोन ले रखा है। आरोपी से जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो वह टाल मटोल करने लगा।
करीब पंद्रह दिन पहले जब शहनाज बेगम के पति जमीरुद्दीन विशाल मेगा मार्ट में अभिषेक अग्रवाल से अपनी रकम मांगने पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई और रिवाल्वर तानकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। सिविल लाइंस सीओ डा. यशवीर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।