बैरियर तोड़कर जबरन कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश कर रहे सपा प्रत्याशी व दर्जा राज्यमंत्री इकराम कुरैशी के समर्थकों पर पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने इकराम के समर्थकों को दौड़ा- दौड़ाकर पीटा। भगदड़ में कई सपा कार्यकर्ता वाहनों से टकराकर गिर गए।
घटना में सपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष समेत करीब 20 कार्यकर्ता घायल हो गए। सिविल लाइंस पुलिस ने सपा प्रत्याशी के 400 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट भी दर्ज की है। इससे पहले सपा प्रत्याशी के समर्थकों ने पुलिस के साथ धक्का मुक्की की, जिससे गुस्साई पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
देहात विधानसभा सीट से सपा के प्रत्याशी और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री हाजी इकराम कुरैशी लाव लश्कर के साथ अपना नामांकन कराने बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। हाजी इकराम कुरैशी का काफिला जामा मसजिद से जुलूस की शक्ल में बारादरी चौराहा होते हुए बैरियर तोड़कर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ा।
बारादरी चौराहे पर पुलिस ने प्रत्याशी के समर्थकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन सैकड़ों की संख्या में मौजूद समर्थक पुलिस को धकियाते हुए बैरियर तोड़कर आगे बढ़ गए। इकराम के समर्थकों ने पुलिस क्लब के पास भी पुलिस वालों से धक्का मुक्की की और जबरन बैरियर तोड़कर आगे बढ़ गए।
इतना ही नहीं कलेक्ट्रेट के एकदम सामने आईएमए हाल के सामने वाला बैरियर को सपा प्रत्याशी के समर्थकों ने तोड़ दिया और कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंच गए। इकराम के समर्थकों ने जबरन कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश की लेकिन यहां तैनात सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें सख्ती से रोक दिया।
इस पर इकराम समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और जबरन घुसने की कोशिश करने लगे। सीआरपीएफ के जवानों ने रोका तो उनसे धक्का मुक्की कर दी। इसके बाद सीआरपीएफ के जवानों ने लाठीचार्ज कर दिया और इकराम के समर्थकों को दौड़ा - दौड़ाकर पीटा।
जिससे भगदड़ मच गई और सपा कार्यकर्ता जहां - तहां वाहनों से टकराकर गिर गए। लाठीचार्ज में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मोहम्मद हसन, विक्की, रईस अहमद, हाजी इफ्तेकार, कांग्रेसी नेता हाजी जकीउर्रहमान, अतीक अशरफी, फरमान, सलीम और सलीम वारसी समेत बीस कार्यकर्ता को चोटें आईं हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस लाइन से रिजर्व पुलिस और पीएसी भी बुला ली गई। नामांकन कराने के बाद जब सपा प्रत्याशी बाहर आए तो फिर से समर्थक नारेबाजी करने लगे। जाते - जाते एक और बैरियर तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक यादव ने बताया कि सपा प्रत्याशी हाजी इकराम के 300- 400 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।