मुरादाबाद। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर स्थापित किया गया सोलर प्लांट रेलवे की दोगुनी मदद करेगा। इससे न सिर्फ रेलवे को रोजाना तीन हजार रुपये से ज्यादा की बचत की बचत होगी बल्कि पीवीवीएनएल को भी बिजली की सप्लाई की जा सकेगी। साथ ही पीवीवीएनएल को दी गई बिजली का मूल्य भी बिल में समायोजित हो जाएगा।
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर स्थापित कि ए गए सोलर प्लांट की क्षमता 235 किलोवाट क्षमता है। इससे प्रतिमाह लगभग 25000 किलोवाट बिजली बनाई जा सकेगी। स्टेशन पर उपयोग के अलावा अतिरिक्त ऊर्जा बिजली विभाग को सप्लाई की जाएगी। इससे शहर में भी बिजली सप्लाई बढ़ेगी। नेशनल सोलर मिशन के अंतर्गत स्थापित किया गया यह सोलर प्लांट प्रतिदिन 60 फीसदी तक बिजली बचाएगा। इसके अलावा इससे ऊर्जा उत्पन्न करने में प्रदूषण भी नहीं होगा। सहायक मंडल अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि फिलहाल रेलवे अपने स्टेशन और आवासों के लिए पीवीवीएनएल से बिजली लेता है। इस सोलर पावर प्लांट द्वारा बनाई गई बिजली का उपयोग केवल स्टेशन के लिए किया जा सकेगा। प्रतिदिन होने वाली ऊर्जा खपत में 60 प्रतिशत तक की कमी आएगी और अतिरिक्त ऊर्जा को बिजली विभाग को सप्लाई किया जाएगा। इस ऊर्जा का मूल्य रेलवे के बिजली बिल में समायोजित कराया जाएगा। रेल प्रशासन के मुताबिक इससे हर साल लगभग तीन लाख किलोवाट बिजली का उत्पादन होगा। इससे रेलवे को हर साल 12 लाख रुपये की बचत होगी।