दरभंगा से अमृतसर जाने वाली जननायक एक्सप्रेस के शनिवार शाम हरथला रेलवे स्टेशन के पास ब्रेक जाम हो गए। ट्रेन के पहियों से चिंगारी के साथ धुआं उठा तो यात्रियों में चीख पुकार मच गई। ट्रेन खड़ी होते ही यात्री कूदने लगे।
सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। रेलवे टीम ने मौके पर पहुंच कर ब्रेक ठीक किए। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। घटना शनिवार शाम की है। जननायक एक्सप्रेस ट्रेन मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से सहारनपुर के लिए रवाना हो चुकी थी।
ट्रेन जैसे ही हरथला रेलवे स्टेशन के पास पहुंची। अचानक ट्रेन के ब्रेक जाम हो गए। चिंगारी के साथ धुआं उठा तो यात्रियों में चीख पुकार मच गई। अनहोनी की घटना में घिरे लोग घबरा गए और उन्होंने ट्रेन से कूदना शुरू कर दिया।
ड्राइवर और गार्ड ने मामले की जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम को दी। खबर मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ के अलावा रेलवे की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने ब्रेक ठीक किए। करीब 30 मिनट बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।