संभल। स्मार्ट मीटर बिजली निगम की बड़ी पहल है। इससे जहां विभाग बकायेदारी के बोझ से आजाद होगा। दूसरी ओर बिजली चोरी पर भी अंकुश लग सकेगा। हालांकि स्मार्ट मीटर का रिचार्ज खत्म होते ही आपूर्ति गुल हो जाती है और रिचार्ज करने के बाद घंटों तक इंतजार करना पड़ता है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं। लोगों ने जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।
मंगलवार को संभल और सिरसी बिजलीघर पर तमाम ऐसे उपभोक्ता पहुंचे जिनकी समस्या यही थी कि रिचार्ज की सही जानकारी नहीं पता। कनेक्शन बंद हो जाता है तो रिचार्ज के बाद तत्काल शुरू नहीं होता। काफी उपभोक्ताओं ने यह भी मांग उठाई कि इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए।
जिससे उपभोक्ताओं को सही जानकारी हो सके और वह आसानी से रिचार्ज करने की जानकारी हासिल कर सकें। उपभोक्ताओं ने यह भी कहा कि कनेक्शन का बिल महीने में जमा करा लिया जाए। इस समय जिस तरह से रिचार्ज हो रहा है। उससे बिल काफी महंगा पड़ रहा है।