मुरादाबाद। प्रदेश के अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) एवं मुरादाबाद परिक्षेत्र के नोडल अधिकारी डॉ.वीबी सिंह ने कहा कि अब बेहतर गन्ना पैदावार में सफलता सिर्फ मेहनत से नहीं बल्कि स्मार्ट फार्मिंग से तय होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और चीनी मिलों को मिश्रित और रिजेक्ट किस्मों की पहचान कर यथाशीघ्र उन्हें रोग-प्रतिरोधी प्रजातियों से बदलने और मिल गेट क्षेत्र में गन्ना अच्छादन बढ़ाने के निर्देश दिए। ऐसा न करने पर मिल अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी।
डॉ. वीबी सिंह बुधवार को गन्ना भवन सभागार में गन्ना विभाग व समितियों के अधिकारियों और चीनी मिलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बसंतकालीन गन्ना बोआई की समीक्षा कर रहे थे। कहा कि उन्नत किस्में, बोआई की आधुनिक तकनीकें, संतुलित पोषण प्रबंधन और नए कृषि उपकरणों का समुचित उपयोग से ही किसानों की आय बढ़ सकती है। मुरादाबाद परिक्षेत्र में रोग एवं कीटों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील हो चुकी गन्ना किस्म सीओ- 0238 के चरणबद्ध विस्थापन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र गन्ना उत्पादन का मॉडल क्षेत्र बनना चाहिए। चीनी मिलें किसानों को सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण एवं तकनीकी सहयोग जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुगम करें।
इससे पहले अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) ने जिले में कई किसानों के खेतों और अगवानपुर चीनी मिल क्षेत्र के अल्लीपुर खालसा गांव में किसान गौरव कुमार के ट्रेंच विधि से लगाई गई गन्ना किस्म कोशा 13235 की पेड़ी को देखा। वह फत्तेपुर विश्नोई गांव भी पहुंचे। यहां किसान अंकित कुमार, विपिन कुमार, व लोकेश के खेतों में पेयर्ड रो के प्लॉट देखे। इस दौरान उप गन्ना आयुक्त हरपाल सिंह, अगवानपुर मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) राजपाल सिंह व संभाग के कई अधिकारी व मिल प्रबंधक मौजूद रहे।