मुरादाबाद। बुध बाजार में चल रहे स्मार्ट रोड नेटवर्क के काम को जल्द समाप्त करने के लिए बृहस्पतिवार से बुध बाजार में तीन दिन के लिए चौपहिया वाहनों का यातायात बंद कर दिया गया है। स्मार्ट सिटी के अफसरों का कहना है कि यातायात संचालन से काम में जहां दिक्कत आ रही थी वहीं धूल उड़ने से व्यापारी व राहगीर भी परेशान हैं। वहीं व्यापारियों ने इसे लेकर बुध बाजार में काम कर रही टीम से विरोध जताया है। उनसे बंद यातायात व्यवस्था को खोलने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि होली का त्योहार सिर पर है। रास्ता बंद कर देने से न ग्राहक आ रहे हैं और न ही बाहर से माल वाहन आ रहा है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत बुधबाजार की करीब 800 मीटर सड़क समेत शहर की करीब 12 किमी सड़क को स्मार्ट किया जाना है। एक साल पहले इसकी शुरुआत भी बुध बाजार से ही शुरू की गई थी। उसके बाद से ही तोड़फोड़, निर्माण आदि को लेकर किए जा रहे काम के कारण व्यापारी परेशान हैं। खास बात यह है कि एक साल बाद भी बुधबाजार के करीब 800 मीटर भाग में स्मार्ट रोड नेटवर्क का काम खत्म नहीं किया जा सका है। अव्यवस्थित ढंग से किए जा रहे इस कार्य के कारण कई बार व्यापारी विरोध जता चुके हैं। लेकिन हर बार प्रशासन की मनमानी के आगे उन्हें झुकना पड़ता है।
बुध बाजार में सड़क निर्माण का काम लगभग खत्म होने के कगार पर है, लेकिन नाली आदि निर्माण के लिए खोद कर छोड़ी गई मिट्टी को नहीं हटाने से बाजार में दिन भर धूल उड़ती रहती है। इससे व्यापारियों व राहगीरों दोनों को काफी परेशानी हो रही थी। काम भी काफी धीमी गति से चल रहा था। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों का कहना था कि बुध बाजार में पूरे दिन चलने वाले यातायात के कारण काम प्रभावित होता है।
काम में तेजी लाते हुए काम को 31 मार्च तक खत्म करने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार से तीन दिन के लिए बुध बाजार में यातायात बंद कर दिया। सुबह इंपीरियल तिराहा और बुध बाजार चौराहा पर बैरिकेडिंग कर दी गई। इससे सुबह बुध बाजार में दुकान खोलने पहुंचे व्यापारियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभिन्न गलियों से होते हुए वह अपने दो पहिया वाहन को बुध बाजार ले जा सके। स्मार्ट सिटी के इस कार्य का व्यापारियों ने बुध बाजार चौराहे पर एकत्र होकर विरोध भी किया। व्यापारियों का कहना था कि होली का त्योहार सिर पर है, ऐसे में बुध बाजार में यातायात बंद रखने का असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है।