मुरादाबाद। गठबंधन की ओर से सपा ने अभी अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, लेकिन वामपंथी संगठनों ने यहां चुनाव को लेकर तैयारी तेज कर दी है। वामपंथी संगठनों की बृहस्पतिवार हुई बैठक में सभी ने एक स्वर में भाजपा को नफरत फैलाने वाली पार्टी बताते हुए ऐसी ताकतों को परास्त करने के लिए सपा, कांग्रेस आदि गठबंधन का जो भी प्रत्याशी आएगा उसे चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है।
बैठक में सीपीआईएम के जिला सचिव थान सिंह ने कहा कि देश में आम चुनावों का बिगुल बच चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसान और मजदूर विरोधी सरकार है। लोकतंत्र और सांप्रदायिक भाईचारा को बचाने के लिए देश में वैकल्पिक राजनीति के रूप में गठित इंडिया गठबंधन में सभी वामपंथी दलों की प्रमुख भूमिका रही है। बैठक में संविधान, लोकतंत्र, सार्वजनिक क्षेत्र और सांप्रदायिक सौहार्द बचाने के लिए भाजपा हराओ देश बचाओ नारे के साथ जन अभियान चलाने तथा गठबंधन का जो भी प्रत्याशी होगा उसे मेहनत से चुनाव लड़ाने का भी निर्णय लिया गया।
इस मौके पर भाकपा (माले) के रोहिताश राजपूत, भाकपा के रामकिशोर रस्तोगी, उर्मिला सक्सेना, सीपीआईएम के विक्रम सिंह एडवोकेट, शरीफ अहमद, सुनील कुमार विश्नोई, विकास नेगी, संजीव, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे। कचहरी परिसर में हुई इस बैठक की अध्यक्षता विक्रम सिंह एडवोकेट ने और संचालन सुशील कुमार विश्नोई एडवोकेट ने किया।