हरथला से बैकरोल होकर मुरादाबाद जंक्शन पर मालगाड़ी पलटने के मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद बुधवार को कार्रवाई की गई। स्टेशन मास्टर, ट्रेन ड्राइवर और सहायक ड्राइवर को बर्खास्त कर दिया गया है। जबकि ट्रैफिक और लोको इंस्पेक्टर सहित चार अन्य पर भी कार्रवाई की गई है।
चार नवंबर 2015 को हरथला रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़ी मालगाड़ी देर रात अचानक से चल पड़ी थी। हरथला से पांच किमी तक चलने के बाद मुरादाबाद के प्लेटफार्म नंबर पांच पर जाकर पटरी से उतर गई थी। जिसमें ट्रेन के सात डिब्बे पूरी तरह से पटरी से उतर थे। जबकि दो डिब्बे पटरी से लटके से हुए थे।
इस मामले में प्रारंभिक जांच के बाद लोको पायलट राधेश्याम शर्मा, सहायक ड्राइवर मनीष राज, स्टेशन मास्टर हरथला अब्दुल समद, ट्रैफिक इंस्पेक्टर विनीत कुमार, लोको इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ तीन सदस्यीय जांच कमेटी भी बनाई गई।
जांच रिपोर्ट में ड्राइवर, सहायक ड्राइवर और स्टेशन मास्टर के साथ चार अन्य को लापरवाही बरतने का दोषी माना गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद ड्राइवर, सहायक ड्राइवर और स्टेशन मास्टर को बर्खास्त कर दिया गया है। जबकि ट्रैफिक इंस्पेक्टर और लोको इंस्पेक्टर को रेलवे के नियमानुसार अन्य दंड दिए गए हैं।