मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर जीरो प्वाइंट के पास शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे ने ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार छह साल की मासूम जिया फातिमा की मौत हो गई, जबकि बच्ची के मां बाप और छोटी बहन घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, संभल जिले के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला मनीहार वाली गली निवासी अमजद (30) की ससुराल भोजपुर के गोधी हमीरपुर गांव में है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को अमजद अपनी पत्नी मरजीना और दो बेटियों जिया फातिमा (6) और आदिवा नूरी (3) को लेकर ससुराल गया था। शुक्रवार की सुबह अमजद पत्नी और बेटियों को लेकर बाइक से घर लौट रहा था।
पत्नी मरजीना अपनी छोटी बेटी आदिवा नूरी को गोद में लेकर पीछे बैठी थी जबकि बड़ी बेटी जिया फातिमा बाइक पर बीच में बैठी थी। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक मूंढपांडे थाना क्षेत्र में जीरो प्वाइंट के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने अमजद की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जिया फातिमा झटक कर सड़क पर जा गिरी। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अमजद, उसकी पत्नी मरजीना और छोटी बेटी नूरी घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया। उपचार के बाद अमजद को जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि मरजीना और अदीवा नूरी की हालत गंभीर बनी है। सीओ हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया था। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रक कब्जे में ले लिया गया है।