मुरादाबाद। नगर निगम संविदा कर्मचारी से चार लाख रुपये नकद और लगभग दो जेवर लेकर एक महिला फरार हो गई। पीड़ित का आरोप है कि महिला ने उससे शादी करने का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ाई थीं। आरोपी महिला ने पीड़ित का मोबाइल नंबर भी ब्लाक कर दिया है। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित संविदा कर्मचारी मझोला थानाक्षेत्र के प्रकाश नगर लाइन पार निवासी है। उसने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर एक महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि दो साल पहले उसकी मुलाकात एक महिला से हुई थी। महिला ने बताया था कि वह बीमा कंपनी में एजेंट है। उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। महिला और संविदा कर्मचारी की नजदीकियां बढ़ गई थी। उसने महिला पर आरोप लगाया कि उसने उसे शादी का झांसा दिया। उसने इस महिला को एक मकान भी लेकर दिया जिसमें वह भी आता जाता था। महिला ने एक प्लाट लेने को कहा तो उसने चार लाख रुपये कैश उसे दिए जो इसी घर की अलमारी में उसने रख दिए। दो लाख रुपये के जेवर भी खरीदे गए जो इसी अलमारी में रखे थे। आरोप है कि 29 जून को महिला इस अलमारी का ताला तोड़कर सारे रुपये और जेवर निकालकर फरार हो गई। नंबर ब्लॉक कर दिया जिससे निगम कर्मी का उससे संपर्क तक नहीं हो पा रहा है। एसएसपी कार्यालय में शिकायतें सुन रहे सीओ हाईवे राम सागर ने उसके प्रार्थना पत्र को मझोला थाने भिजवा दिया है। थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।