मुंबई से मुरादाबाद लौटे प्रवासियों में तीन बार डांसर समेत छह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में टीएमयू में आइसोलेशन ड्यूटी करने वाला एक डॉक्टर भी शामिल है। सोमवार की देर रात पांच पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को छह नए पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। 11 नए केस के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या भी बढ़कर 169 पहुंच गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि 17 मई को मुंबई से करीब 68 प्रवासी मुरादाबाद के आदर्श नगर, भातु कालोनी और फकीरपुरा लौटे थे। सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई और 21 लोगों के रैडम सैंपल कराए गए। मंगलवार सुबह इनमें तीन युवती समेत पांच लोग पॉजिटिव आए हैं।
इनमें 21 साल, 19 साल की युवती आदर्श नगर और 33 साल की युवती फकीरपुरा निवासी हैं। तीनों युवतियां बार डांसर बताई जा रहीं हैं। मुंबई के होटलों और बार में डांस करती थीं। कोरोना की दहशत से होटल कारोबार बंद पड़ने पर सभी लोग अपने परिवारों के साथ 17 मई की सुबह मुरादाबाद आ गए थे। तीन युवतियों के अलावा उनके साथ लौटे आदर्श कालोनी निवासी 15 साल का किशोर और 32 साल का युवक भी पॉजिटिव आया है।
टीएमयू के एक डॉक्टर की भी मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। डाक्टर की आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी थी। एहतियातन उसका सैंपल कराया गया था। सैंपल पॉजिटिव आया है। सीएमओ ने बताया सोमवार की देर रात पांच कोरोना पॉजिटिव आए। इनमें कोरोना से दम तोड़ने वाले जज के 73 वर्षीय भाई के संपर्क में रही सिविल लाइन चक्कर की मिलक निवासी 36 साल की महिला और 58 साल का व्यक्ति भी पॉजिटिव हैं।
जज के भाई की 12 मई को टीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। 13 मई को उनकी पॉजिटिव रिपोर्ट आई। कांठ रोड स्थित एक अस्पताल में भर्ती 50 साल के मरीज और हॉटस्पॉट क्षेत्र निवासी 44 साल का व्यक्ति भी पॉजिटिव आया है। एमआईटी में क्वारंटीन 70 साल का बुजुर्ग की भी पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। परिवार में संक्रमित के संपर्क में आने पर बुजुर्ग को क्वारंटीन किया था। सीएमओ ने बताया कि सभी को अस्पताल में भर्ती कर दिया है।