कांठ। सिंचाई विभाग की ओर से शुक्रवार को नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य शुरू कराया गया। इसके लिए महमूदपुर राजबहे पर रसूलपुर क्रॉसिंग के निकट स्थान निर्धारित किया गया था।
इससे पहले, मुख्य अतिथि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश शासन के उपाध्यक्ष मास्टर धर्मपाल सिंह विश्नोई समेत सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हवन में आहुति देकर कार्य का नहर सफाई कार्य का शुभारंभ किया।
अधिकारियों ने बताया कि विभाग की ओर से नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य एक नवंबर से शुरू किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन कई स्थानों पर नहरों में पानी भरा होने के कारण कार्य शुरू होने में देरी हुई है। इस दौरान सींचपालों मुख्त्यारपुर, नवादा, उमरी कलां, हिरनपुरा सहित कई स्थानों पर कुछ लोगों द्वारा नहरों में गंदा पानी छोड़े जाने की शिकायत सामने आने पर उपाध्यक्ष मास्टर धर्मपाल सिंह विश्नोई ने संबंधित लोगों को 20 दिन का समय देते हुए नहरों में गंदा पानी छोड़ना बंद कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित समय सीमा में ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उपाध्यक्ष ने नहरों की सिल्ट सफाई का कार्य 30 नवंबर तक पूरा कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बताया कि एक दिसंबर से नहरों में पानी छोड़े जाने की योजना है। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड मुरादाबाद आरपी सिंह, सहायक अभियंता कुलदीप सिंह, अवर अभियंता सत्य प्रकाश, सुनील कुमार, राजवीर सिंह, कुमुद राजपूत, वीरेंद्र सिंह, सींचपाल अमन यादव, अभयवीर सिंह, विष्णु प्रसाद आदि रहे।