पिछले साल की तुलना में इस वर्ष कम व्यापार कर जमा करने वाले कारोबारियों पर व्यापार कर विभाग ने नजरें टेड़ी की हैं। इसी के तहत जिले भर में प्रतिष्ठानों पर छापे मारे जा रहे हैं। शुक्रवार को विभाग की एसआईबी टीम ने ठाकुरद्वारा में मुनेंद्र सिंह चौहान की आटोमोबाइल एजेंसी पर छापा मारा।
टीम की आने की जानकारी मिलते ही वहां के बाजार बंद हो गए। अधिकांश सर्राफा व्यापारी अपनी दुकानों में ताले लटका कर चले गए। ठाकुरद्वारा में तिकोनिया पर स्थित मुनेंद्र सिंह चौहान की आटोमोबाइल एजेंसी की व्यापार कर विभाग को शिकायत मिली कि उत्तराखंड से ट्रैक्टर लाकर ठाकुरद्वारा में बेचे जा रहे हैं।
इससे व्यापार कर की चोरी हो रही है। इसके अतिरिक्त वह अन्य कारोबार भी कर रहे हैं। इस पर व्यापार कर विभाग की टीम ने शुक्रवार को एजेंसी पर छापा मारा। एजेंसी मालिक से काफी देर तक पूछताछ की। सूत्रों से पता चला है कि उसके दस्तावेज सीज कर लिए गए हैं और कारोबार की स्थिति स्पष्ट करने के लिए सात दिन का समय दिया गया है।