मुरादाबाद। शहर के चर्चित सीए श्वेताभ तिवारी हत्याकांड और स्पोर्ट्स सामान के कारोबारी कुशांक गुप्ता की हत्या के आरोपी शूटर केशव शरण शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने केशव के पास से चरस और तमंचा बरामद किया। आरोपी हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद दो माह पहले ही जेल से बाहर आया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
सिविल लाइंस के रामगंगा विहार में सोनकपुर स्टेडियम के पास 12 फरवरी 2022 को स्पोर्ट्स सामान के कारोबारी कुशांक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। कुशांक गुप्ता घटना के समय दुकान बंद करने के बाद अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान शूटर गोली मारकर फरार हो गया था। मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड पर 15 फरवरी 2023 को सीए श्वेताभ तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में पाकबड़ा के गिंदौड़ा निवासी केशव शरण शर्मा, भोजपुर के हिमायूंपुर निवासी खुशवंत सिंह उर्फ भीम को गिरफ्तार कर खुलासा किया था।
पुलिस ने बताया कि सीए श्वेताभ तिवारी और कुशांक की हत्या सिविल लाइंस के दीन दयाल नगर निवासी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक ने सुपारी देकर कराई थी। इन हत्याकांड को शूटर केशव ने अंजाम दिया था। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद केशव जेल से बाहर आ गया था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मझोला थाने के अपराध निरीक्षक रमेश कुमार ने नया मुरादाबाद क्षेत्र में हर्बल पार्क के पास से केशव शरण शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से डेढ़ किलो चरस और एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह जेल से छूटने के बाद चरस की तस्करी करने लगा था। वह एक ग्राहक को चरस पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सोमवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।