मुरादाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य का दर्जा देने, क्षेत्र में एम्स की स्थापना और इलाहाबाद हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ बनाने की मांग को लेकर शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित तीन सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व शिवसेना के जिला प्रमुख नन्हें चौधरी ने किया। राज्य सचिव रामप्रसाद प्रजापति ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे अधिवक्ताओं को समय और आर्थिक भार उठाना पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में हाईकोर्ट की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की मांग की।
मंडल प्रमुख गुड्डू सैनी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश कृषि, गन्ना-चीनी उद्योग, दुग्ध उत्पादन, लघु एवं मध्यम उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। महानगर प्रमुख मनोज कुमार ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी और तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए क्षेत्र में एम्स की स्थापना की जरूरत है। इस मौके पर जिला उपप्रमुख हर्षित अग्रवाल, जिला सचिव मोहित रस्तोगी, पुष्पक उर्फ रवि कुमार, जिला मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, मंडल सचिव मंगली सैनी, ठाकुरदास सैनी, सूरज सैनी, जिला मंत्री रत्नेश झा आदि मौजूद रहे।