ठाकुरद्वारा। सांसद विधायक खेल महोत्सव के तहत शनिवार को दूसरे दिन बैडमिंटन, भारोत्तोलन और कुश्ती की प्रतियोगिताएं हुईं। नगर के सनशाइन स्पोर्ट्स एकेडमी में तीनों प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का संचालन युवा कल्याण अधिकारी अभिनव कुमार, नवीन चौहान, पीटीआई विजय सिंह, दीपक चंद्र की देखरेख में हुआ। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को बीडीओ उमाकांत मुदगल ने मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
बैडमिंटन सब जूनियर बालक वर्ग सिंगल में शौर्य बिश्नोई प्रथम और डबल में मोहम्मद साकिब एवं मोहम्मद शोएब जीते। वहीं सब जूनियर बालिका वर्ग सिंगल में माही प्रथम और काव्य पाल द्वितीय, डबल में माही- रश्मि प्रथम और काव्य पाल-प्रिया चंदेल उप विजेता रहे। सीनियर वर्ग सिंगल में में मोहम्मद आसिम विजेता घोषित किए गए। भारोत्तोलन (वेट लिफ्टिंग) में सब जूनियर बालक वर्ग 49 किलो में अकबर गौहर प्रथम और 55 किलो में दीपांशु प्रथम रहे। जूनियर बालक वर्ग के 61 किलो में नीतीश कुमार प्रथम और 67 किलो में मोहम्मद फैजान विजयी घोषित किए गए। सीनियर बालक वर्ग 55 किलो में संदीप राजपूत प्रथम और 61 किलो में विशाल कुमार प्रथम और जावेद आलम द्वितीय स्थान पर रहे। 67 किलो में शादाब प्रथम और 73 किलो में जुबेर अली प्रथम रहे। कुश्ती सब जूनियर 51 किलो में शादाब अली ने जीत हासिल की। जूनियर बालक वर्ग 52 किलो में फैजल ने कुश्ती जीती। जबकि बालिका वर्ग 55 किलो में दक्षु ने कुश्ती जीत कर पुरस्कार हासिल किया।