कांठ। घर के आगे झगड़ने से माना करने पर गुस्साए युवक ने तमंचे से गोली मारकर सत्रह वर्षीय किशोर की हत्या कर दी। इसके बाद युवक तमंचे को लहराते हुए धमकियां देते हुए फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करने के बाद मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुरादाबाद भिजवाया। मृतक के भाई ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कांठ थाना क्षेत्र के गांवड़ी गांव निवासी विनोद कुमार, प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार, विकास और जोगेंद्र पुत्रगण नन्हें सिंह बृहस्पतिवार की रात गर्मी होने के कारण अपने घर के बाहर देहली पर बैठे हुए आपस में बात कर रहे थे। आरोप है कि तभी वहां गांव निवासी नंदराम उर्फ नंदू पुत्र उदल सिंह और उसका भाई सतीश वहां आ गए। दोनों शराब ने शराब पी रखी थी। किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ होने लगा। इस पर विकास ने दोनों को घर के आगे झगड़ा करने से मना कर दिया। इस पर नंदराम उर्फ नंदू, विकास को गालियां देने लगा। जिस पर विनोद कुमार, प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार और जोगेंद्र ने उसे समझा बुझाकर शांत कर दिया। लेकिन नंदराम उर्फ नंदू विकास ने नाराज होकर देख लेने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। इसके बाद विनोद कुमार, प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार, विकास घर की छत पर जाकर लेट गए। वहीं जोगेंद्र घर के सामने ही बाहर गली में चारपाई डालकर लेट गया। रात में करीब साढ़े ग्यारह बजे के बाद नंदराम उर्फ नंदू हाथ में तमंचा लेकर दोबारा से वहां आ गया और घर के आगे विकास को ललकराने लगा। जिस पर विनोद और उसके भाइयों की आंख खुल गई। शोर सुनकर आसपास के अन्य ग्रामीण भी जाग गए। इसी दौरान गली में चरपाई पर बैठे जोगेंद्र (17) को नंदराम उर्फ नंदू ने तमंचे से गोली मार दी। गोली उसके बांए कान के पीछे गर्दन पर लगने से जोगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी खुलेआम तमंचा लहराते हुए फरार हो गया।
किशोर की गोली मारकर हत्या की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ सलोनी अग्रवाल, थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के भाई मुकेश कुमार की तहरीर पर हत्या के आरोपी नंदराम उर्फ नंद के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
कांठ। क्षेत्र के गांवड़ी गांव में मामूली विवाद के बाद किशोर की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में आरोपी नंदराम उर्फ नंदू की नाराजगी तो विकास से हुई थी। वह उसे देख लेने की धमकी देते हुए चला गया था। जब नंदराम उर्फ नंदू तमंचा लेकर दोबारा से आया तब भी वह विकास को ही ललकार रहा था। लेकिन उसने उसके छोटे भाई जोगेंद्र को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। संवाद
कांठ। थाना क्षेत्र के गांवड़ी गांव में बृहस्पतिवार की रात हुई हत्या की घटना में मृत किशोर के घर पर कोहराम मचा है। मृत किशोर आठ भाई बहनों में सबसे छोटा था, इसके चलते वह परिवार का लाडला भी था।
शुक्रवार को गोली लगने से मृत किशोर जोगेंद्र के भाई मुकेश कुमार ने बताया कि उसके माता पिता नहीं है। वह पांच भाई और तीन बहन है, जोगेंद्र कक्षा पांचवीं तक पढ़ा लिखा था, इसके चलते घर पर ही रहता था। उसकी मौत से बड़े भाई विनोद कुमार, प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार, विकास, बहन ओमवती, गीता, सावित्री, चाचा ऋषिपाल सिंह, चचेरे भाई दीपक सहित सभी परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है। सरेआम हुई इस हत्या की वारदात से गांव सहित क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। पुलिस हत्यारोपी नंदराम उर्फ नंदू की तलाश कर रही है।
....गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। हत्यारोपी को पकड़ने के लिए पुलिस दबिशें दे रही है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया जाएगा। -मनीष सक्सेना प्रभारी निरीक्षक, कांठ