रामपुर। जिला कारागार में कोरोना काल में छह माह के लिए पैरोल पर छोड़े गए 38 कैदियों में से सात कैदी वापस ही नहीं आए हैं। इसके बाद जब कोरोना से हालात सामान्य हुए तो सभी को जेल में लौटने की प्रक्रिया शुरू हुई लेकिन इस दौरान सात कैदी घर से भी लापता मिले हैं। कुछ कैदियों के तो परिजन भी नहीं मिले। ऐसे में ये कैदी अब पुलिस और जिला कारागार प्रशासन के लिए समस्या बन गए हैं। अब पुलिस द्वारा इन कैदियों के परिजनों को नोटिस जारी कर कैदियों के जेल में नहीं लौटने पर कार्रवाई की चेतावनी दी जाएगी।
कोरोना संक्रमण के समय जिला कारागार से 38 कैदियों को पैरोल पर रिहा किया गया था। निर्धारित अवधि खत्म होने के बाद इनमें से 31 कैदी लौटकर आ गए थे। बाकी के घरों पर पुलिस भेजी गई तो वे घरों में नहीं मिले। कुछ के तो परिवार वाले भी मौके पर नहीं मिले। ऐसे घरों पर नोटिस और हर माह रिमांडर भेजे गए। ये कैदी लूट, चोरी, मारपीट, हमला सहित अन्य अपराधों में दो से सात साल तक की सजा काट रहे हैं। लेकिन समय अवधि के बाद भी ये वापस नहीं आ रहे हैं। ऐसे में जेल प्रशासन और पुलिस टीमें इसलिए भी परेशान हैं कि कहीं ये कैदी बाहर आपराधिक वारदात न कर दें।