फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: ठाकुरद्वारा में 61 में से सात समस्याओं का मौके पर निस्तारण, कई फरियादी निस्तारण न होने से फिर से पहुंचे

Sun, 02 Aug 2026 02:05 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
ठाकुरद्वारा। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। रोस्टर के अनुसार इसमें सीडीओ को आना था लेकिन वह नहीं आ सकीं। तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिला मुख्यालय पर किसी बैठक के कारण सीडीओ नहीं आईं हैं। इस पर एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह ने समाधान दिवस में आई शिकायतों और समस्याओं को सुना। उनकी सुनवाई में सीओ आशीष प्रताप सिंह और तहसीलदार ने भी सहयोग किया। दर्ज 61 शिकायत में से सात शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जबकि शेष समस्याओं के निस्तारण के आदेश संबंधित विभागों के अधिकारियों को मानक के अनुसार समय से करने के दिए गए। समाधान दिवस में काफी संख्या में विद्युत और राजस्व विभाग से संबंधित समस्याएं आईं। कई फरियादियों ने पहले की गई शिकायतों का निस्तारण न होने पर फिर से शिकायत कर समस्या का निस्तारण करने की मांग की।
विज्ञापन

गांव ईलर निवासी महेंद्र सिंह ने कहा कि करीब 10 वर्ष पूर्व 92 में बीघा ग्राम समाज की भूमि के पट्टे किए गए थे। बाद में शिकायत करने पर पट्टे निरस्त कर दिए थे। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी आरोपियों से भूमि खाली नहीं कराई जा रही है। इसलिए उन्होंने शनिवार को फिर से इसकी शिकायत की।


गांव कल्याणपुर निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्होंने चकमार्ग से अवैध कब्जा हटाने की शिकायत सात फरवरी और सात मार्च को समाधान दिवस में की थी लेकिन अभी तक कब्जा नहीं हटा है, किसानों ने खेतों पर जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने फिर से इस बारे में समाधान दिवस में शिकायत की।
विज्ञापन




गांव कमालपुरी खालसा निवासी हरपाल सिंह ने बताया कि तीन माह पहले उन पर कुछ लोगों ने हमला कर उन्हें गंभीर घायल कर दिया था। जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी लेकिन उनके कार्रवाई न होने पर उन्होंने समाधान दिवस में इसकी शिकायत दर्ज की है।



गांव जलालपुर खालसा के कुलदीप सिंह का कहना है कि 2007 में किए गए पट्टों को संक्रमणीय भूमिधर नहीं बनाया गया है। लगातार शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है इसलिए वह फिर उसकी इसकी शिकायत करने समाधान दिवस में आए हैं।



हरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि तीन सितंबर 2025 को उन्होंने पेंशन न मिलने की शिकायत समाधान दिवस में की थी। एडीओ समाज कल्याण ने उन्हें लिखित में शीघ्र पेंशन मिलने का आश्वासन दिया था अभी तक पेंशन न मिलने पर उन्होंने समाधान दिवस में इस बारे में अवगत कराया है।



गांव लौंगी कला निवासी रिटायर्ड तहसीलदार दिलीप सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी की याद में गांव में गौशाला और हनुमान मंदिर अपनी भूमि बताकर बनाना चाहते हैं लेकिन कुछ लोग उसमें अड़ंगा डाल रहे हैं। इस बारे में उन्होंने 25 जुलाई को भी समाधान दिवस में शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई इसलिए वे दोबारा से इसकी शिकायत करने आए हैं।



गांव बेरमपुर के किसान प्रदीप बिश्नोई का कहना है कि वह एक वर्ष से लगातार किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने अपने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र भी बताई गई वेबसाइट पर अपलोड कर दिया लेकिन इसके बाद भी सम्मान निधि उन्हें नहीं मिल पा रही है। उन्होंने फिर इसकी शिकायत समाधान दिवस में की।



गांव ईलर के प्रशासक (प्रधान) शकील अहमद ने बताया कि गांव में गौशाला के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। ग्राम समाज की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। अवैध कब्जे को हटाने की मांग पर कार्रवाई न होने की शिकायत करने पर लेखपाल को जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें