मुरादाबाद। जिले के करीब 750 दिव्यांगजनों की दिवाली इस बार फीकी रह गई। इन लाभार्थियों को पेंशन की किस्त नहीं मिल सकी। आधार का सत्यापन और बैंक स्तर से एनपीसीआई (नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) पोर्टल से खाते के लिंक नहीं होने की वजह से इन लाभार्थियों के खाते में पेंशन नहीं आ सकी। यह लाभार्थी हर तीन महीने पर मिलने वाली किस्त से वंचित रह गए।
जिले में करीब 12 हजार दिव्यांग पेंशनधारक हैं। इन लाभार्थियों के खाते में प्रत्येक तीन माह पर तीन हजार रुपये भेजे जाते हैं। इस बार कुल 1500 लाभार्थियों के खाते में पेंशन की राशि नहीं पहुंची थी। इन सभी की केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। पेंशन नहीं आने पर लाभार्थियों ने विकास भवन के चक्कर काटने शुरू कर दिए। तब उन्हें मालूम चला कि केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने की वजह से पेंशन अटक गई है। इसके बाद करीब 800 लाभार्थियों ने अपनी केवाईसी प्रक्रिया को पूरा कर लिया। वहीं, 753 लाभार्थी ऐसे रहे, जिनकी केवाईसी अब तक पूरी नहीं हो सकी है।
अब विकास भवन में कैंप लगाकर इन लाभार्थियों की केवाईसी और एनपीसीआई प्रक्रिया पूरी करने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए सोमवार से सभी लाभार्थियों को फोन कर कार्यालय बुलाया जाएगा। इनमें से कई ऐसे लाभार्थी भी हैं, जिनके खाते में अब तक पेंशन की एक भी किस्त नहीं पहुंची है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विजय यादव ने बताया कि कुछ लोगों के आधार कार्ड में गड़बड़ी है। कार्यालय में सोमवार से सभी लाभार्थियों की केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।