मुरादाबाद। जिले के 14 गांव प्रधानों के खिलाफ शिकायतों की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। इस मामले में सीडीओ ने जांच अधिकारियों को एक सप्ताह की मोहलत दी है।
सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन में जिले के ग्राम प्रधानों की शिकायतों की जांच से संबंधित जांच अधिकारियों की बैठक हुई। इस बीच जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा ने बताया कि 14 ग्राम प्रधानों की जांच से संबंधित रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। जांच के लिए आठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीडीओ ने कहा कि जांच अधिकारी एक सप्ताह के भीतर सभी प्रकरणों की आख्या जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
बैठक में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विकास अधिकारी और जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो