मुरादाबाद। जम्मूतवी से बनारस जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस में सेना के जेसीओ की पत्नी के जेवर छीन लिए गए। सूबेदार मनोज कुमार चौधरी ने अपने प्रदेश बिहार पहुंचकर छपरा जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना मुरादाबाद की होने के कारण मुकदमा जीआरपी मुरादाबाद को ट्रांसफर किया गया है।
सूबेदार ने रिपोर्ट में लिखाया है कि कुछ दिन पहले वह अपनी पत्नी व बच्चे के साथ जम्मू से बनारस जाने के लिए बेगमपुरा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सफर कर रहे थे। ट्रेन जब मुरादाबाद स्टेशन पर पहुंचने वाली थी तभी एक व्यक्ति ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र खींच लिया। वह मुरादाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए रुके लेकिन ट्रेन चलने लगी। बनारस में भी दूसरी ट्रेन चलने का समय होने के कारण वह रिपोर्ट नहीं लिखा सके। छपरा पहुंचने पर उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई। जीआरपी थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।