कांठ (मुरादाबाद)। तहसील क्षेत्र में सात गोशालाएं और प्रतिमाह लाखों खर्च होने के बाद भी क्षेत्र में छुट्टा पशु सड़क पर घूम रहे हैं। छुट्टा पशुओं से टकराकर कई बार लोग घायल हो चुके हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अनदेखी कर रहे हैं।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राथमिक के तौर पर प्रदेशभर में गोशालाएं संचालित करा रखी हैं। कांठ तहसील क्षेत्र में भी नगर पंचायत उमरी कलां, गांव गोविंदपुर ज्ञानपुर, रायपुर खुर्द, रम्पुरा (छजलैट), मानपुर मुजफ्फरपुर, सिरसा ठाट, सादकपुर मलूकपुर उर्फ खिचड़ी में गोशाएं संचालित हैं। जिसमें प्रतिमाह गोवंशीय पशुओं पर सरकार स्तर से लाखों का खर्च हो रहा है, लेकिन इसके बाद भी क्षेत्र में तमाम गोवंशीय पशु सड़कों पर छुट्टा घूम रहे हैं।
कांठ नगर में ही कई पशु सड़कों पर घूमते हुए देखे जा सकते हैं। यह हादसों का शिकार भी हो रहे और लोगों के लिए भी हादसों का कारण बन रहे हैं। आरएसएस गो सेवा गतिविधि के जिला संयोजक विकास शर्मा सहित अन्य गोरक्षकों ने छुट्टा पशुओं का गोशाला में संरक्षण कराने की मांग की है।