ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। फैजुल्लागंज स्थित मैरिज हॉल में रविवार को शादी समारोह के दौरान आइसक्रीम के लिए वेटर और बरातियों में डंडे और कुर्सियां चलीं। मारपीट में दूल्हे के भाई समेत चार लोग घायल हो गए। मारपीट व भगदड़ की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को कोतवाली लेकर आई और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। डिलारी थाना क्षेत्र के कंकरखेड़ा निवासी युवक की शादी गांव मलपुरा लक्ष्मीपुर निवासी युवती से तय हुई थी। रविवार को फैजुल्लागंज स्थित एक मैरिज हॉल में शादी समारोह चल रहा था। वर-वधू पक्ष के लोग शादी की रस्म पूरी करने में जुटे थे। शाम करीब पांच बजे बराती खाना खा रहे थे। इस दौरान बरातियों ने एक स्टॉल पर आइसक्रीम लेने की कोशिश की तो आइसक्रीम देने वाले वेटर से विवाद हो गया। दोनों में पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट होने लगी।
दूल्हे पक्ष का आरोप है कि आइसक्रीम बनाने वाले ठाकुरद्वारा निवासी शाहनवाज ने अपने साथियों को मैरिज हॉल में बुलाया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसमें दूल्हे का भाई सजरूल नसीम गंभीर घायल हो गया। वहीं दूसरे पक्ष से मारपीट में ठाकुरद्वारा निवासी शाहनवाज, वेटर साजेव और कासिम भी घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस ने समारोह में आकर मारपीट और लूटपाट की सूचना की जांच की। पुलिस को जांच में पता चला कि लूटपाट की सूचना झूठी है, सिर्फ आइसक्रीम देने के विवाद में मारपीट हुई है। कोतवाल मनोज कुमार परमार ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों का सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया था। देर रात दोनों पक्षों में समझौता होने की वजह से रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।