मुरादाबाद। सीडीओ ने विकास खंड कार्यालय भगतपुर टांडा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले तीन कर्मचारियों का जहां एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है वहीं साफ-सफाई और अलमारियों में अभिलेखों के रख रखाव की व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर बीडीओ से स्पष्टीकरण तलब किया है।
विज्ञापन
सीडीओ सुमित यादव ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर भ्रमण पंजिका में एंट्री किए बिना क्षेत्र में चले गए पाए गए। जिसे गंभीरता से लेते हुए डीपीआरओ को दोनों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। मनरेगा लेखा सहायक भी बिना किसी सूचना के कार्यालय से अनुपस्थित मिला।
उसका भी एक दिन का वेतन रोकने का आदेश बीडीओ को दिया गया हैं। उन्होंने बताया कि विकास खंड परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर बीडीओ को प्रर्याप्त साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कार्यालय सहायकों की अलमारियों का निरीक्षण करने पर पत्रावलियों का रख-रखाव निम्न स्तर का पाया गया। इस पर बीडीओ का तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब करते हुए अनुपालन आख्या फोटोग्राफ सहित एक सप्ताह के अंदर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।