संभल में जन्मे दक्षिण एशिया अलकायदा का सरगना आसिम उमर ढेर होने के बाद एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की निगाहें मुरादाबाद मंडल पर हैं। अमरोहा खुफिया तंत्र ने आतंकी आसिम उमर से संबंधित ब्योरा संभल पुलिस से मांगा है। हालांकि अभी तक आसिम का अमरोहा से कोई कनेक्शन सामने नहीं आया है।
मुरादाबाद मंडल में जन्मे कई युवकों को सुरक्षा एजेंसियों पूर्व में गिरफ्तार किया है। उनकी गतिविधियां आतंकी संगठनों के साथ जुड़ी पाई गईं थी। कुछ का नाम धार्मिक स्थलों पर हुए बम धमाकों से जुड़ा तो कई की भूमिका संदिग्ध पाई गईं।
कई युवक जेल में बंद हैं। 26 दिसंबर 2018 को भी एनआईए और यूपी एटीएस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर अमरोहा से संदिग्ध आतंकी मुफ्ती सुहैल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ मिलने का दावा किया था।
इस संबंध में एनआईए ने मुरादाबाद और संभल समेत कई ठिकानों पर छापे मारे थे। वहीं शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के बारामूला में जैश-ए- मोहम्मद के संदिग्ध आंतकी मोहसिन सालेहा को गिरफ्तार किया था। मोहसिन सालेहा का अमरोहा से कनेक्शन होने की बात सामने आई।