ठाकुरद्वारा। सनातन धर्म हिंदू इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति का विवाद सहायक निबंधक फर्म्स सोसाइटी एंड चिट्स मंडल मुरादाबाद तक पहुंच गया है। समिति के विवाद की जांच ठाकुरद्वारा एसडीएम करेंगे।
सहायक निबंधक ने एसडीएम को भेजे पत्र में कहा है कि कॉलेज की प्रबंध समिति को लेकर दो पक्षों में गंभीर विवाद है। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी प्रबंध समिति को सही होने का दावा किया है। वर्तमान में कॉलेज के प्रबंधक के पद पर कार्य कर रहे उमेश चंद्र अग्रवाल ने कहा है कि उनकी प्रबंध समिति वैध है। उन्होंने वर्ष 2020 में प्रबंध समिति का पंजीकरण करा लिया था।
वहीं, दूसरे पक्ष के रवि प्रकाश अग्रवाल ने अपने को कॉलेज का सभापति बनाते हुए दूसरे पक्ष की प्रबंध समिति को अवैध बताया है। प्रबंध समिति के सदस्यों की सूची को लेकर भी विवाद है। इस पर सहायक निबंधक आनंद विक्रम सिंह ने एसडीएम से विवाद की विस्तृत जांच करने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपना पत्र 27 अक्तूबर को एसडीएम को भेजा है। एसडीएम अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक पक्ष अपनी बात रखने के लिए आया था। उन्होंने बताया कि वह दोनों पक्षों की ही सुनवाई करेंगे। शीघ्र इस विवाद की जांच की जाएगी।