कांठ। विकास खंड छजलैट की ग्राम पंचायत सादकपुर मलूकपुर उर्फ खिचड़ी गोशाला का बुधवार को एसडीएम संत दास पंवार द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें उन्हें गोशाला में खामियां मिली। जिसे लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए सुधार के निर्देश दिए हैं।
बुधवार की सुबह एसडीएम अचानक सादकपुर गोशाला पहुंचे। यहां उन्हें अप्रैल माह में आंधी के कारण टूटा टीन शेड वैसे ही मिला, जैसा पिछले निरीक्षण के दौरान था, जिस पर एसडीएम ने इसे अभी तक दुरूस्त न कराने के कारण की जानकारी ली। इसी के साथ गोवंशीय पशुओं को तीन दिन से हरा चारा भी उपलब्ध नहीं होने की बात निरीक्षण के दौरान सामने आई। साथ ही गोशाला में एक गड्ढा भी मिला, जिसे उन्होंने पहले भी भरवाने के निर्देश दिए थे। एसडीएम ने गोशाला में मौजूद गोवंशीय पशुओं की अच्छी तरह से देखभाल करने, उन्हें प्रतिदिन हरा चारा देने, बीमार होने से तुरंत उपचार कराने आदि के संबंध में भी निर्देश दिए। उन्होंने गोशाला में मिली खामियों और निरीक्षण की रिपोर्ट डीएम को भेजी है।