मुरादाबाद। सदर तहसील क्षेत्र में सीलिंग की जमीन से कब्जा हटवाने के लिए अफसर एक्शन मोड में आ गए हैं। गुरुवार दोपहर एसडीएम और तहसीलदार टीम लेकर मझोला क्षेत्र में मैनाठेर और लाकड़ी फाजलपुर में पहुंच गए। उन्होंने यहां अर्बन सीलिंग की जमीन की पैमाइश शुरू कर करा दी है। इस दौरान जमीन पर हदबंदी भी की गई। एसडीएम का कहना है कि जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुरादाबाद सदर तहसील क्षेत्र के मैनाठेर और लाकड़ी फाजलपुर में करीब 90 हजार वर्ग मीटर सीलिंग की जमीन है। कुछ लोगों ने इस जमीन से करीब 48 हजार वर्ग मीटर जमीन कोर्ट के स्टे के बावजूद बेच दी थी। इसमें तत्कालीन लेखपाल और तहसील के अधिकारी व कर्मचारियों की मिलीभगत थी। शिकायत मिलने पर तत्कालीन डीएम ने जांच कराई थी। जांच में सामने आया था कि सीलिंग की जमीन बेची गई थी। उन्होंने जमीन से कब्जा हटाने के आदेश दिए थे, मगर संबंधित विभागों की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। अब फिर से कार्रवाई शुरू की गई है।
डीएम शैलेंद्र सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सर्वे कर जमीन से कब्जा हटवाने को कहा है। एसडीएम सदर प्रशांत तिवारी और तहसीलदार नितिन तेवतिया गुरुवार को तहसील स्टाफ कानूनगो और लेखपालों को लेकर मझोला थानाक्षेत्र में पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने लाकड़ी फाजलपुर और मैनाठेर में अर्बन सीलिंग की जमीन की पैमाइश कराई।
अर्बन सीलिंग की जमीन पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूरे क्षेत्र में पैमाइश की जाएगी। जहां सीलिंग की जमीन है, उसे चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद अवैध निर्माण और अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। कब्जा करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
- प्रशांत तिवारी, एसडीएम