एमआईटी के छात्रों ने बनाई स्पेशल स्कूटी, बटन दबाते ही पुलिस के पास पहुंचेगा मैसेज
टेक्नोलॉजी इंसान के सर्वश्रेष्ठ दोस्तों में से एक है। कहीं पर ना होकर वहां होने का एहसास कराती है। तकनीकी का बेहतरीन प्रयोग कर एमआईटी के छात्रों ने अनूठी स्कूटी तैयार की है। छात्राओं के कहीं फंसने पर एक बटन दबाते ही नजदीक पुलिस स्टेशन पर मैसेज पहुंच जाएगा।
इसके अलावा भी स्कूटी में कई और फीचर हैं जो उसे अन्य स्कुटियों से अलग बनाते हैं। एमआईटी के छात्र आदित्य सक्सेना ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक स्कूटी को आधुनिक जरूरतों से कहीं आगे जाते हुए तैयार किया है। तकनीकी और फीचर से लैस स्कूटी हर कदम पर चालक की मदद करेगी।
स्कूटी को पेट्रोल और बैटरी दोनों से चलाए जाने तकनीकी को विकसित किया है। इसके साथ ही उसके एक डिवाइस लगाई गई है जो जीपीआरएस से कनेक्ट है। डिवाइस मोबाइल के नंबरों की तरह अलग अलग फंक्शन पर कार्य करेगी। स्कूटी पासवर्ड से चलेगी। पासवर्ड में भी दो मोड दिए हैं। पहला मेन और दूसरा फ्रेंड्स।
मेन में स्कूूटी मालिक के पासवर्ड पर चलेगी और दूसरा पासवर्ड फ्रेंड्स और रिश्तेदारों के लिए होगा। स्कूटी पासवर्ड डालने पर ही चलेगी। इसके अलावा डिवाइस में एक चिप लगाई गई है जिसमें सभी आवश्यक नंबर सेव किए जाएंगे।
स्कूटी चलाते समय लड़की कहीं विषम परिस्थिति में फंस जाएं या मनचले पीछा करे तो वह डिवाइस में नौ बार छह नंबर को दबा दें तो नजदीकी पुलिस स्टेशन पर मैसेज चला जाएगा। दुर्घटना या किसी की मदद के लिए डिवाइस में आवश्यक नंबर भी सेव होंगे।
इसमें आठ अन्य मोड दिए हैं। इस स्कूटी को तैयार करने में आदित्य के सहयोगी पवन कुमार, गार्गी शर्मा और भूपेंद्र कुमार रहे। इन सभी को नितिन सक्सेना ने गाइड किया।