कांठ। तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार बाइक एजेंसी एकाउंटेट अर्पित विश्नोई की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कांठ नगर के मोहल्ला पट्टीवाला निवासी अर्पित विश्नोई (28) अपने दो भाइयों में छोटा और नगर में ही थाने के पास स्थित टीवीएस बाइक एजेंसी पर एकाउंडेंट था। वह किसी काम से रविवार की शाम स्कूटी द्वारा कांठ के उमरी कलां की तरफ जा रहा था। जब अर्पित नवादा रेलवे फाटक के पार अमरोहा प्राइवेट बस अड्डे से आगे जिम के पास पहुंचा तो सामने आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां कुछ देर में ही अर्पित ने दम तोड़ दिया। इधर हादसे को अंजाम देने वाले डंपर का चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मृतक के भाई आदित्य विश्नोई की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर डंपर को कब्जे में ले लिया है। वहीं अर्पित की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता संजय कुमार, मां सुमन देवी, भाई आदित्य विश्नोई सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ..