मुरादाबाद। ग्रीष्मावकाश के बाद बृहस्पतिवार को परिषदीय स्कूलों में फिर से चहल-पहल लौट आई। घंटी बजते ही बच्चे यूनिफॉर्म पहनकर, बस्ता टांगकर स्कूल पहुंचे। पहले दिन का माहौल त्योहार जैसा रहा। कई स्कूलों में एमडीएम के साथ बच्चों को आइसक्रीम और खीर परोसी गई, जिससे छुट्टियों के बाद स्कूल लौटने की उदासी पल भर में गायब हो गई।
मुरादाबाद के 1408 स्कूलों में लगभग डेढ़ लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। स्कूलों में 20 मई से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां थीं। 16 जून को स्कूल खुले थे, लेकिन भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते सरकार ने 24 जून तक अवकाश घोषित कर दिया था। इसके बाद बृहस्पतिवार से स्कूलों में पढ़ाई शुरू हुई। कई स्कूलों में शिक्षकों ने कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
पहले दिन बच्चों को बोरियत न हो, इसलिए मध्याह्न भोजन योजना में विशेष मेन्यू रखा गया था। कई स्कूलों में आइसक्रीम बांटी गई तो कुछ में बच्चों को खीर परोसी गई। विशेष भोजन पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। माहौल को सहज रखने के लिए शिक्षकों ने बच्चों से उनके अनुभव भी जाने।
वर्जन...
सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं कि जर्जर भवनों में बच्चों को न बैठाएं। इसके अलावा सभी शिक्षकों को सचेत एप अपने मोबाइल में डाउनलोड करना है, ताकि किसी भी आपदा की सूचना उच्च अधिकारियों को तुरंत मिल जाए। साथ ही विद्यालय में इमरजेंसी मोबाइल नंबरों को डिस्प्ले करने के निर्देश दिए गए हैं।
अमित सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी