पाकबड़ा। क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य ने स्थानीय लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। निर्माण कार्य में लगे कर्मियों ने नाले की गंदगी सड़क पर डाल दी है। इस वजह से पूरा सर्विस रोड नरक में तब्दील हो चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की सफाई या निर्माण के दौरान मलबे और गाद को तुरंत ट्रालियों में भरकर निर्धारित डंपिंग साइट पर डालना चाहिए लेकिन पाकबड़ा में इसके ठीक उलट हो रहा है। ठेकेदार ने अपने पैसे बचाने के चक्कर में नाले से निकली जहरीली और बदबूदार गंदगी को बीच सड़क पर ही फैला दिया है। कई दिनों से यह गंदगी धूप में सूखकर धूल बन रही है, जिससे आसपास के वातावरण में भयंकर दुर्गंध और बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो गया है। जिस जगह पर यह गंदगी फैलाई गई है, वह क्षेत्र बेहद संवेदनशील है। इस मार्ग पर चार छोटे बच्चों के स्कूल और एक इंटर कॉलेज स्थित है। हजारों छात्र प्रतिदिन रोज इसी गंदगी और सड़ांध के बीच से गुजर रहे हैं। मार्ग पर मंदिर और मस्जिद दोनों स्थित हैं। श्रद्धालुओं को पवित्र मन से इबादत के लिए जाते समय इसी गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इस वजह से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। बैंक में आने वाले ग्राहकों और व्यापारियों के लिए भी इस मार्ग पर चलना दूभर हो गया है। आसपास के रहने वाले अनवर हुसैन, जुल्फिकार सैफी, राजू गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, सचिन गुप्ता, मंयक गुप्ता आदि का आरोप है कि प्रशासन और निर्माण एजेंसी पूरी तरह आंख मूंदे हुए है। सड़क पर फैली इस गंदगी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका सबसे बुरा असर पड़ रहा है।