मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने राष्ट्रीय एकता चौक पर मंगलवार को लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का अनावरण किया। इसी के साथ पीलीकोठी नाम अब इतिहास के पन्नों में सिमट गया।
नगर आयुक्त ने बताया कि उनके अनुरोध पर आईसीआईसीआई बैंक प्रबंधन दान में प्रतिमा देने के लिए तैयार हुआ। अलीगढ़ से 40 दिनों में कांसे की प्रतिमा का निर्माण कराया गया। प्रतिमा को बनाने में करीब 11 लाख की लागत आई है।
एकता चौराहे (पीली कोठी) से राष्ट्रीय एकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूली छात्र-छात्राएं, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। रैली के माध्यम से सभी ने अनेकता में एकता का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय एकता को कायम रखने का संकल्प लिया गया।
मंडलायुक्त ने सफाई मित्रों के लिए ट्रैकसूट और पीपीई किट प्रदान किया। उन्होंने बताया कि सफाई मित्रों के प्रति सम्मान और सहानुभूति दर्शाते हुए ट्रैकसूट दिए गए हैं। शरद ऋतु में सफाई मित्रों ट्रैकसूट और पीपीई किट की जरूरत को पड़ती है।
इसके पहले मंडलायुक्त ने जीर्णोद्धार किए गए नगर आयुक्त शिविर कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यालय परिसर में मंडलायुक्त, नगर आयुक्त एवं नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हवन किया। भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
नगर आयुक्त ने बताया कि छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा निमार्णाधीन है। स्मार्ट सिटी को एचडीएफसी के सौजन्य से मिलेगी। इसमें किसी का पैसा नहीं लगेगा।