हापुड़ और बाबूगढ़ के बीच रविवार को रेलवे ट्रैक के फ्रैक्चर होने का पता उस वक्त चला जब टूटी पटरी से सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन गुजर गई। इसके बाद चार ट्रेनों को रोककर ट्रैक की मरम्मत कराई गई, जिसकी वजह से कई ट्रेनें लेट भी हुई। बाबूगढ़ और हापुड़ के बीच रविवार दोपहर को दो बजकर आठ मिनट पर सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में रेलयात्रियों को झटका दो बार लगा।
इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी गई। सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन के जाने के बाद वहां पर पुरी एक्सप्रेस, मुरादाबाद से आनंद विहार जाने वाली पैसेंजर ट्रेन सहित चार ट्रेनें रोक दी गई। रेलवे ट्रैक चेक करने पर पटरी टूटी मिली, रेल पटरी की मरम्मत करवाने में आधे घंटे का समय लगा।
नगीना और अगवानपुर में भी रेलवे ट्रैक फ्रैक्चर -मंडल में रविवार को अगवानपुर और नगीना से बिंदकी के बीच रेलवे ट्रैक फ्रैक्चर मिला। की-मैन की सतर्कता से इसकी जानकारी समय पर मिल गई। मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली मेमू ट्रेन इस वजह से नगीना के पास रोक दी गई, रेलवे ट्रैक को सही करवाया गया। इसके बाद ट्रेन आगे भेजी गई।