मुरादाबाद। अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम टाउनहाॅल के मुख्य द्वार पर धरना दिया। साथ ही निगम के खिलाफ नारेबाजी की। बोर्ड बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे महापौर और नगर आयुक्त की गाड़ी का कर्मचारियों ने घेराव भी किया। अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार और अजीत सिंह को 15 मिनट तक गेट पर ही रोके रखा। सफाईकर्मियों ने निगम को तानाशाही रवैया अपनाने और महिला कर्मचारियों के साथ अन्याय बरतने का आरोप लगाया।
स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले विभिन्न संगठन के नेता प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि निगम ने तुगलकी फरमान जारी करते हुए सभी सफाईकर्मियों को पांच बजे ड्यूटी पर बुलाना शुरू कर दिया है। महिलाओं को भोर में बुलाने से उनके स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है और उनको असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए महिलाओं को पांच बजे के बजाय सात बजे ड्यूटी पर बुलाया जाए। वार्डों में सुपरवाइजर की तैनाती को रद किया जाए। ठेकेदारी प्रथा को समाप्त किया जाए।
ओमीलाल वाल्मीकि और लल्ला बाबू द्रविड़ ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग को नहीं माना गया तो 48 घंटे के बाद वह हड़ताल करेंगे, जिसमें सभी संगठन के लोग शामिल होंगे। धरने पर नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को शासन से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। सुबह पांच से लेकर नौ बजे तक सफाईकर्मियों की ड्यूटी का शासनादेश है, जिसके संदर्भ में उन्हें ड्यूटी पर बुलाया जा रहा है। इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले सभी कर्मचारियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। ब्यूरो