उत्तर प्रदेश में अपराध चरम पर है। बहन-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। सैफई में मंच पर लड़कियां नचाई जाती हैं और सड़कों पर बहन-बेटियों से दुष्कर्म हो रहा है। यहां की सरकार रामपुर से शुरू होती है और सैफई में समाप्त हो जाती है। इसका कारण है कि यूपी की सरकार को साढे़ पांच मुख्यमंत्री चला रहे हैं।
ये बातें सरधना विधायक संगीत सोम ने कहीं। वह शहर के हिंदू जागरण मंच द्वारा मोहल्ला दससराय में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने आए थे। उन्होंने आजम खां का नाम लिए बिना कहा कि रामपुर वाले चाचा ने किसानों की जमीनों पर कब्जा करके आतंकवाद का अड्डा खोला है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही वह जेल में होंगे। वह देश का प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब देख रहे हैं, लेकिन मैं उन्हें पीएम कार्यालय का चपरासी भी नहीं बनने दूंगा।
उन्होंने कहा कि यूपी सरकार ने अब तक के कार्यकाल में 450 दंगे कराए लेकिन आरोप मुझ पर लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनहित की सैकड़ों योजनाएं शुरू की हैं, युवा, किसान, महिलाएं, गरीब, व्यापारी आदि सभी वर्गों के लिए योजनाएं तैयार की हैं। उत्तर प्रदेश की सरकार उन योजनाओं को लागू करने में सहयोग नहीं कर रही। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाने में पूरा सहयोग करने की लोगों से अपील की। इस मौके पर सत्यपाल सैनी, नरेश चौधरी, डॉ. भूपेंद्र सिंह, सोनू सैनी आदि मौजूद थे।