फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal Jama Masjid Case: मस्जिद के फोटो-वीडियो की बारी-बारी से जांच... परीक्षण के बाद सर्वे के लिए फिर जाएंगे

Fri, 22 Nov 2024 11:24 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, संभल

सार

संभल में जामा मस्जिद के फोटो और वीडियो की बारी-बारी से जांच होगी। कोर्ट कमिश्नर ने कहा कि परीक्षण के बाद सर्वे के लिए फिर मस्जिद में जाएंगे।
विज्ञापन
Sambhal Jama Masjid Case - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अभी तो वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करने के लिए पहुंचे थे, जामा मस्जिद का सर्वे फिर से किया जाएगा। बारीकी से फोटो और वीडियो फाइल का परीक्षण करने के बाद सर्वे के लिए जाएंगे। यह कहना है कोर्ट कमिश्नर रमेश सिंह राघव एडवोकेट का।
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि मंगलवार को चंदौसी स्थित जिला न्यायालय में सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य कुमार सिंह की कोर्ट में जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का वाद दाखिल किया गया था। न्यायालय ने उन्हें कोर्ट कमिश्नर की जिम्मेदारी दी है। 

मंगलवार को ही मस्जिद में पहुंचकर करीब दो घंटे तक वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई है। इसकी फाइल तैयार की जा रही है। बारीकी से समीक्षा की जाएगी। उसके बाद सर्वे फिर करने जाएंगे। बताया कि न्यायालय ने 29 नवंबर को रिपोर्ट तलब की है।
विज्ञापन


मंदिरों के संरक्षण को लेकर देशभर में चर्चा में रहते हैं अधिवक्ता पिता-पुत्र
हरिशंकर जैन और विष्णु शंकर जैन मंदिरों के संरक्षण को लेकर देशभर में चर्चा में रहते हैं। संभल जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा करने वाले वादीगण में हरिशंकर जैन भी शामिल हैं। पिता हरिशंकर जैन वादी हैं और विष्णु शंकर जैन इस मामले में अधिवक्ता के तौर पर जुड़े हुए हैं।

दोनों पिता पुत्र अयोध्या मामला, बनारस की ज्ञानवापी और मथुरा की ईदगाह प्रकरण में काफी चर्चा में रहे हैं। ताजमहल को लेकर भी चर्चा में रहे थे। अब संभल जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा किया है। न्यायालय ने दावे को स्वीकार करते हुए सर्वे कराने के आदेश किए हैं। सोशल मीडिया पर भी इन दोनों पिता पुत्र की तस्वीरें वायरल हो रही हैं।
 

सोशल मीडिया से जुड़े कई लोगों को पुलिस ने पाबंद किया
संभल में जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल की जा रही हैं। इसमें हिंदू और मुस्लिम पक्ष के लोग अपने अपने तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसमें कुछ पोस्ट आपत्तिजनक भी वायरल की गई हैं। मामले में कोतवाली पुलिस ने दो लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। 
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि बरेली सराय निवासी बिलाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल की थी। जिसमें जुमे की नमाज के दौरान जामा मस्जिद पहुंचने का आह्वान किया था। युवक को गिरफ्तार कर शांतिभंग के अंदेशे में कार्रवाई की गई है। 
 

इसके अलावा सोशल मीडिया पर तरह तरह की पोस्ट वायरल करने वालों को पाबंद किया है। एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर पूरी निगरानी है। किसी ने कोई आपत्तिजनक पोस्ट वायरल की तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

डीएम-एसपी ने पैदल गश्त कर शांति बनाए रखने की अपील की
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बृहस्पतिवार की शाम शहर में पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के जवानों के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान आम लोगों से संवाद भी किया। कहा कि शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखें। कोई माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना पुलिस को दी जाए। सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान एएसपी श्रीश्चन्द, एसडीएम वंदना मिश्रा व कई थानों के प्रभारी मौजूद रहे।

जिले में धारा 163 लागू, पांच लोग भी एकत्र नहीं होंगे
जामा मस्जिद पर वाद दायर होने के बाद से प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिले में डीएम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 163 लागू कर दी है। इस धारा के तहत पांच लोग भी एकत्र नहीं हो सकते हैं। धरना या प्रदर्शन भी नहीं किया जा सकता है। इसका उल्लंघन करने पर कार्रवाई होनी तय है। डीएम ने बताया कि धारा 163 का पालन सख्ती से कराया जाएगा। उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

 
विज्ञापन

पैदल भ्रमण के दौरान लोगों से संवाद किया है। इस दौरान उन्हें शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया है। यदि कोई माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना पुलिस को देने के लिए कहा है। -डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम, संभल

सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है। एक युवक द्वारा गलत पोस्ट शेयर की गई थी। उसका शांतिभंग में चालान किया है। निगरानी लगातार जारी है। जुमा मस्जिद पर एहतियाती तौर पर फोर्स लगी है। शांति बनाए रखने की अपील सभी से की गई है। -कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें