बता दें कि दिल्ली केे शाहीन बाग की तर्ज पर मुरादाबाद ईदगाह मैदान में भी मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों महिला पुरुषों ने सीएए के विरोध में बुधवार को अचानक धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सुबह करीब 11 बजे ईदगाह पर अचानक लोग जुटना शुरू हुए और थोड़ी देर में यहां सैकड़ों की भीड़ इकट्ठा हो गई। खुफिया तंत्र और पुलिस को भनक तब लगी जब ईदगाह में सीएए के विरोध में स्लोगन लहराने के साथ नारेबाजी शुरू हो गई।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बुधवार को अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद रखे। देर रात तक प्रदर्शनकारी ईदगाह मैदान में डटे थे। सपा सांसद डा. एसटी हसन, राज्यसभा सदस्य जावेद अली, विधायक हाजी इकराम कुरैशी समेत सपा और कांग्रेस के कई नेता भी ईदगाह मैदान पहुंचे। अचानक शुरू हुए धरना प्रदर्शन से पुलिस - प्रशासन के हाथ पांव फूले हैं। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल प्रशासन से बात करने से इंकार कर दिया है। पुलिस ने 20 लोगों को नामजद करते हुए 650 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे मुस्लिम समाज की महिलाएं और पुरुष हाथों में बैनर - पोस्टर लेकर सड़कों पर निकले तो पुलिस शुरू में समझ ही नहीं पाई। छोटी - छोटी टुकड़ियों में इन लोगोें ने ईदगाह मैदान पहुंचना शुरू किया और थोड़ी देर में भीड़ की शक्ल ले ली। यहां इन लोगों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।