चुनाव आयोग ने अखिलेश यादव को साइकिल का हैंडल क्या थमाया, मुलायमवादियों के तेवर ढीले पड़ गए। कल तक नेताजी जिंदाबाद का नारा लगाने वालों को अब अखिलेश यादव में अच्छाई नजर आने लगी हैं। अखिलेश को कोसने वाले भी अपना करियर बचाने को साइकिल के कैरियर पर जगह की जुगाड़ में लग गए हैं।
चुनाव आयोग का फैसला आते ही जहां अखिलेश गुट खुशी से झूम उठा वहीं मुलायमवादियों के चेहरे पीले पड़ गए। अखिलेश गुट ने जगह - जगह मिठाइयां बांटी और आतिशबाजी करके खुशी का इजहार किया। अखिलेश गुट के जिलाध्यक्ष हाजी इकराम कुरैशी के भूड़ा चौराहा स्थित आवास पर सपा नेताआें की भीड़ लग गई।
मिठाई खिलाकर नेताओं ने एक -दूसरे को बधाई दी। शहर विधायक हाजी यूसुफ अंसारी के आवास पर भी सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। वहीं मुलायम गुट के जिलाध्यक्ष अतहर अंसारी के घर सन्नाटा पसरा था। मुलायम की सूची में शहर सीट से प्रत्याशी घोषित किए गए हुमायूं कदीर के घर भी खामोशी छाई थी।
चुनाव आयोग के फैसले के बाद नेताओं के सुर भी बदल गए हैं। कल तक अखिलेश और रामगोपाल को कोस रहे पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह ने कहा कि अखिलेश ने आयोग के फैसले के बाद नेताजी के घर जाकर दिल जीत लिया है। मुलायम की सूची में प्रत्याशी घोषित किए गए नेता भी अब बीच का रास्ता खोजने लगे हैं।