मुरादाबाद। पेंशन और ग्रेच्युटी के भुगतान में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त ने कार्रवाई की। साथ ही पेंशनरों का समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त कार्यालय में बृहस्पतिवार को पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह के अनुसार बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी ने सेवानिवृत्त लिपिक शमशाद अली की पेंशन एवं ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया। इसके अलावा सेवानिवृत्त सहायक अध्यापक हरज्ञान सिंह के मामले में भी लापरवाही बरती। साथ ही बृहस्पतिवार को पेंशन अदालत में अनुपस्थित रहे। इस पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने प्रकरणों का निस्तारण न होने तक वित्त एवं लेखाधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
पेंशन अदालत में सीएमओ मुरादाबाद कुलदीप सिंह, बीएसए संभल के अनुपस्थित रहने पर मंडलायुक्त ने चेतावनी दी। सेवानिवृत्त सहायक विकास अधिकारी अमरोहा भोपाल सिंह तोमर के प्रकरण का 15 दिन में निस्तारण करने के निर्देश डीपीआरओ अमरोहा को दिए। सेवानिवृत्त मुख्य सेविका लक्ष्मी जाटव का भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताई।
सीएमओ मुरादाबाद कार्यालय से सेवानिवृत्त अनीता शर्मा, निर्मल कुमार, प्रभा अग्रवाल के प्रकरण लंबित रहने तथा बैठक में उपस्थित हरि बाबू को प्रकरणों की पूर्ण जानकारी नहीं होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन प्रथम सर्वेश कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।