बिलारी। सहसपुर विद्युत उपखंड में आने वाले सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र के सफीलपुर फीडर वाली वीसीबी में खराबी आ जाने से सोमवार सुबह पांच से 10 बजे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। इस उपकेंद्र के थांवला और करसरा फीडर पर ब्रेकडाउन होने से आपूर्ति बाधित हुई। इस विद्युत उपकेंद्र पर स्टाफ की कमी होने की वजह से विद्युत लाइनों में होने वाले ब्रेकडाउन तत्काल दूर नहीं हो पा रहे हैं।
सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति के लिए 38 गांव जोड़े गए हैं। यहां किसानों के निजी विद्युत नलकूपों के संचालन के लिए अकरोली, करसरा, सफीलपुर और थांवला चार फीडर बनाए गए हैं जबकि सभी 38 ग्रामों की आबादी के लिए एक खाता के नाम से और दूसरा न्यू ग्रामीण के नाम से केवल दो फीडर बनाए गए हैं। इतने बड़े क्षेत्र में विद्युत लाइनों का सुपरविजन करने के लिए एक स्थायी और चार संविदा कर्मियों का लाइन स्टाफ है।
सोमवार सुबह विद्युत उपकेंद्र के कंट्रोल रूम में स्थित अकरोली फीडर वाली वीसीबी खराब हो गई और थांवला फीडर की वीसीबी लगाने में एसएसओ को काफी दिक्कत आई। ड्यूटी पर मौजूद एसएसओ ज्ञान सिंह ने बताया कि वेक्यूम सर्किट ब्रेकर में गड़बड़ी होने से फीडर लगाने में दिक्कत आ रही है। सोमवार सुबह कई उपभोक्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर निर्धारित शिड्यूल की पूरी बिजली न मिल पाने पर नाराजगी जताई। उपभोक्ताओं का यह भी आरोप था कि विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता फोन नहीं उठाते हैं। विद्युत उपकेंद्र के लाइन स्टाफ ने बताया कि इस विद्युत उपकेंद्र पर टूटी विद्युत लाइनें ठीक करने और विद्युत लाइनों में होने वाला ब्रेक डाउन दूर करने के लिए कोई सामान उपलब्ध नहीं है।
सफीलपुर गांव के प्रधान सददाम हुसैन, अमरपुरकाशी गांव के प्रधान विजयपाल सिंह, थांवला गांव के प्रधान हाजी इकरार हुसैन और मोहम्मद इब्राहीमपुर गांव के प्रधान मोहम्मद साजिद ने बताया कि सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र से निर्धारित शेडयूल की पूरी बिजली दिलाने के लिए उपकेंद्र के अधिकारी और कर्मचारी गंभीर नहीं हैं। भाकियू टिकैत के बिलारी तहसील अध्यक्ष रनवीर सिंह यादव ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ और जेई अक्सर किसानों के फोन नहीं उठाते हैं। विद्युत अवर अभियंता महेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह वह पीपली क्षेत्र में टूटे विद्युत पोल ठीक कराने में लगे हुए थे उस समय अवधि में उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठा पाए। एसडीओ विद्युत उपखंड सहसपुर राममनोहर यादव ने बताया कि सफीलपुर विद्युत उपकेंद्र की वीसीबी मशीन में आई खराबी को ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति चालू करा दी गई है।
फोटो परिचय-04,05