ठाकुरद्वारा। 15 लाख रुपये और कार की मांग पूरी न करने पर महिला को उसके ससुराल वालों ने मारपीट कर अपने घर से निकाल दिया।
नगर के मोहल्ला मीना बाजार वार्ड 15 निवासी अलफिजा ने पुलिस से की शिकायत में कहा कि उसका निकाह 19 अप्रैल 2025 को जनपद पीलीभीत के बीसलपुर निवासी रईस अहमद के साथ हुआ था। शादी में मिले दहेज से ससुराल वाले खुश नहीं थे। उन्होंने उस पर अपने मायके से 15 लाख रुपये नकद और कार लाने की मांग शुरू कर दी। जिसे पूरा करने में उसने असमर्थता जताई तो आरोप है कि इस पर पति और ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर अपने घर से निकाल दिया। उसने मायके में ही एक बच्चे को जन्म दिया। जिसकी सूचना उसने अपने पति और ससुराल वालों को दी तो वह तीन मार्च 2026 को उसके मायके में आए। उसने उनसे बच्चों सहित साथ ले जाने को कहा तो उन्होंने मांग पूरी किए बिना उसे और बच्चे को ले जाने से मना कर दिया उसे मारा पीटा। पुलिस ने महिला के पति, ससुर, ननद सहित सभी आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद