मुरादाबाद। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-16 इंटर क्लब क्रिकेट लीग में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। आईएफटीएम विश्वविद्यालय के मैदान पर आयोजित टूर्नामेंट में पहले मैच में रुक्मणी एकेडमी ने पारकर एकेडमी को हराया। दूसरे मैच में यूथ एकेडमी ने जिगर क्रिकेट एकेडमी को शिकस्त दी।
पहले मैच में पारकर क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। टीम निर्धारित 35 ओवर नहीं खेल सकी। 34 ओवर में 170 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पारकर के लिए वीरप्पन ने सर्वाधिक 84 रनों की पारी खेली। सूर्यदेव ने 21 रन बनाए। रुक्मणी एकेडमी के लिए गेेंदबाजी में कौनैन ने हैट्रिक लगाई। उनके अलावा मो. अरीब और कृष्णा यादव ने दो-दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुक्मणी एकेडमी ने 24.2 ओवर में तीन विकेट खोकर मैच जीत लिया। टीम के कप्तान देव पैसल ने नाबाद 56 रन बनाए। दूसरे छोर से मो. कैफ ने 75 रन ठोके। दोनों की शतकीय साझेदारी ने टीम को जीत दिलाई। पारकर एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में आर्यन ने दो विकेट लिए। प्लेयर ऑफ द मैच मो. कैफ रहे।
दूसरे मैच में यूथ एकेडमी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। निर्धारित 35 ओवर में सात विकेट खोकर यूथ टीम ने 229 रन का अच्छा स्कोर खड़ा किया। इसमें रिहान ने विस्फोटक अंदाज में 62 रन बनाए। संदीप ने 38 व नवीन ने 26 रन का सहयोग दिया। जिगर एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में मो. शहरान ने तीन, आजाद सिंह ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिगर एकेडमी 20 ओवर 112 रन बनाकर ढेर हो गई। टीम के लिए शाद ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। यूथ की ओर से गेंदबाजी में शौर्य सिंह ने हैट्रिक लगाई और कुल पांच विकेट झटके। शिवांग ने दो विकेट लिए।
प्लेयर ऑफ द मैच शौर्य सिंह को डीएसए के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता ने 500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अंपायर की भूमिका में खेम सिंह, जेपी सिंह, गुंजीत और निखिल रहे। स्कोरिंग चंद्रप्रताप व जोगेंद्र सिंह ने की। मैच के दौरान डीएसए सचिव विजय गुप्ता, कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, आईएफटीएम के खेल निदेशक वैभव त्रिवेदी, वित्त अधिकारी डॉ. कुशल पाल सिंह, मोहम्मद हसीन, सौरव कश्यप व अन्य कोच मौजूद रहे।