कुंदरकी उपचुनाव को लेकर गश्त कर रही सीओ की टीम ने सोमवार देर रात मेरठ के सराफा कारोबारी की कार से 36 लाख 45 हजार 250 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस को पूछताछ में कारोबारी ने बताया कि वह बदायूं जनपद से रुपये कलेक्शन करके लाैट रहा था। सीओ ने इस बारे में आयकर विभाग को सूचित कर दिया है।
कुंदरकी विधानसभा उप चुनाव के लिए आयोजित प्रशिक्षण के पहले दिन 23 पीठासीन अधिकारी और 12 प्रथम मतदान अधिकारी अनुपस्थित रहे। चुनाव प्रेक्षकों भारती होलिकारी और चंद्र माधवसिंह ने डीएम के साथ प्रशिक्षण का जायजा लिया। कांठ रोड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक (पुरुष) स्कूल में प्रशिक्षण दो पालियों में किया गया।
प्रथम पाली में कुल 200 पीठासीन अधिकारियों की तुलना में 186 पीठासीन अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही 200 प्रथम मतदान अधिकारियों की जगह 194 प्रथम मतदान ही मौजूद पाए गए। छह प्रथम मतदान अधिकारी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में कुल 200 पीठासीन अधिकारियों की जगह 191 उपस्थित रहे।
200 प्रथम मतदान अधिकारियों की जगह 194 लोग ही प्रशिक्षण के लिए आए। दोनों पालियों में कुल 400 पीठासीन अधिकारियों की तुलना में 377 पीठासीन अधिकारी उपस्थित रहे। 23 पीठासीन अधिकारी नहीं आए। 400 प्रथम मतदान अधिकारियों की जगह 388 ही आए। पीठासीन अधिकारियों की पुस्तिका का वितरण सभी पीठासीन अधिकारियों को किया गया।
इसके साथ ही पीठासीन अधिकारियों के लिए आवश्यक निर्देश भी वितरित दिए गए। इस दौरान मास्टर ट्रेनर्स से कर्मचारियों ने प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया। सभी मतदान कार्मिकों को ईवीएम० (बीयू सीयू एवंवीवीपैट) की हैंडस ऑन ट्रेनिंग सीलिंग व मॉकपोल की प्रक्रिया को समझाया गया।
प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम के विरुद्ध जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव अधिनियम के तहत कार्यवाही करने के निर्देश किए। अनुपस्थित कार्मिकों को अनिवार्य रूप से 29 अक्तूबर को प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।