मुरादाबाद। शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने के मामले में आरपीएफ ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरपीएफ और फोरेंसिक टीम को कोच की जांच पड़ताल के दौरान एक बैग मिला है। जिसमें पोटाश और बच्चे वाली गन मिली है। टीम ने बैग को कब्जे में ले लिया है।
शुक्रवार की रात लक्सर से मुरादाबाद की ओर आ रही शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच यात्री दीपक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सीट संख्या 66 और 67 पर सवार थे। सीट के बराबर में रखे बैग में शुक्रवार की रात करीब 11:15 बजे नगीना के पास बैग में धुआं उठने लगा था। इसे यात्रियों में अफरातफरी मच गई थी। यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोक दी। आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और आग पर काबू पाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया था। ट्रेन देर रात करीब 2:45 बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। जांच में पता चला कि बैग में पोटाश और बच्चे वाली गन मिली है। बैग खिलौना बेचने वाले व्यक्ति का है। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में जिस बैग में आग लगी थी। उसमें पोटाश और बच्चे वाली गन मिली है। इस मामले आरपीएफ ने रिपोर्ट दर्ज की है।